राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा है कि तुर्की में नैटो द्वारा प्रक्षेपास्त्रिक ढाल स्थापित करने का लक्ष्य इस्राईल की रक्षा है।
उन्होंने कल रात ईरान टीवी से बात करते हुए कहा कि नैटो इस समय दो कार्यवाही कर रहा है, एक देशों पर औपचारिक रूप से नियंत्रण करना जिसके अंतर्गत वह अफ़ग़ानिस्तान का पहले ही अतिग्रहण कर चुका है और इस समय लीबिया पर क़ब्ज़ा करने के प्रयास में है, दूसरे ज़ायोनी शासन को बचाना है। डाक्टर अहमदी नेजाद ने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि नैटो प्रक्षेपास्त्रिक ढाल को ऐसे स्थान पर स्थापित कर रहा है जहां से ज़ायोनी शासन की रक्षा की जा सके, कहा कि हमने अपने तुर्क मित्रों से कह दिया है कि इस कार्य की अनुमति देकर उन्होंने उचित काम नहीं किया है क्योंकि यह स्वयं तुर्की के अहित में है, यद्यपि तुर्की नैटो का सदस्य है किंतु वे तुर्की के मित्र नहीं हैं। राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने इसी प्रकार कहा है कि पूंजीवादी शक्तियां अन्य राष्ट्रों के संसाधनों पर क़ब्ज़ा करने के प्रयास में हैं और पूंजीवादी व्यवस्था का अंत निकट है। उन्होंने कहा कि इस समय पूंजीवादी व्यवस्था विभिन्न देशों पर क़ब्ज़ा जमाने, उनकी संपत्ति हड़पने तथा उनकी जेब ख़ाली कर देने के लिए प्रयासरत है और वह यह सारे काम लुभावने नारों की आड़ में करती है। राष्ट्रपति अहमदीनेजाद ने राष्ट्र संघ के संबंध में टिप्पणी करते हुए कहा कि इतिहास में युद्धों से बड़ा नुक़सान हुआ है अतः राष्ट्र संघ की स्थापना का विचार प्रबल हुआ ताकि विश्व की स्थिति में सुधार लाया जा सके। राष्ट्रपति अहमदीनेजाद के अनुसार बड़ी शक्तियों ने इस संस्था पर अपना वर्चस्व स्थापित करके इसे एक प्रभावहीन संस्था में परिवर्तित कर दिया है।
समाचार समाप्त
.........
166